Bihar news जिले में मखाना की खेती का अभिनव प्रयोग रहा शत-प्रतिशत सफल
संवाददाता मोहन सिंह
बेतिया । पॉयलट प्रोजेक्ट के रूप में पश्चिमी चम्पारण जिले में मखाने की खेती की शुरूआत करायी गयी थी जो शत-प्रतिशत सफल रहा है। कृषि विभाग द्वारा आधुनिक तरीके से पश्चिम चम्पारण जिलान्तर्गत साठी थाना क्षेत्र के सम्हौता ग्राम सहित अन्य क्षेत्रों में मखाना की खेती को करने को इच्छुक व्यक्तियों से संपर्क साध कर मखाना की खेती की शुरूआत की गयी थी। अच्छी पैदावार देख संबंधित किसान खासे उत्साहित एवं गदगद हैं। मखाने की खेती से किसानों को अत्यधिक लाभ मिलेगा। जिला प्रशासन द्वारा प्रारंभ किये गये इस अभिनव प्रयोग से चौर जैसे जल क्षेत्र का सदुपयोग होगा तथा रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
इसी परिप्रेक्ष्य में आज जिलाधिकारी कार्यालय प्रकोष्ठ में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक सम्पन्न हुयी। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में मखाना की खेती की शुरूआत होना एवं आशातीत सफलता प्राप्त करना बेहद संतोषजनक है। इससे जिले के किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी तथा उन्हें इसी जिले में रोजगार उपलब्ध हो पायेगा।
जिला मत्स्य पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि मखाना की खेती करने हेतु जिले में अपार संभावनाएं हैं। इस हेतु चौर को चिन्हित किया जाय जहां मखाने की खेती की जा सके। साथ ही मखाने की खेती को बढ़ावा देने हेतु किसानों को उत्साहित, जागरूक एवं प्रेरित करायें। जिलाधिकारी ने एक टीम का गठन करने का निदेश भी दिया है जो किसानों को मखाना की खेती करने हेतु जागरूक एवं प्रेरित करे। साथ ही मखाना की खेती करने के इच्छुक व्यक्तियों की सहूलियत के लिए एक व्हाट्सएप नंबर जारी करने का निदेश जिलाधिकारी द्वारा दिया गया।
जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले में मखाना की खेती को बढ़ावा देने के उदेश्य से जिलाधिकारी के निदेश के आलोक में कार्य किया गया है। दरभंगा जिले से मखाना के एक्सपर्ट को बुलाया गया और उनके माध्यम से बीज प्राप्त करते हुए मखाने की खेती प्रारंभ की गयी। उन्होंने बताया कि दरभंगा के मखाना व्यवसायी द्वारा 16 हजार रुपया प्रति क्विंटल की दर से 400 क्विंटल तक मखाना क्रय करने की बात कही गयी है। साथ ही देश के अन्य हिस्सों में भी मखाना बिक्री के लिए मार्केट लिंकेज की समुचित व्यवस्था की गयी है ताकि जिले में उत्पादित मखाना का ससमय बिक्री हो सके।
उन्होंने बताया कि जिले में मखाना प्रोसेसिंग प्लांट नहीं होने के कारण जिले में उत्पादित मखाना को अन्य शहरों में भेजा जायेगा। जिलाधिकारी ने निदेश दिया कि जिले में ही मखाना प्रोसेसिंग प्लांट का अधिष्ठापन कराने हेतु अग्रतर कार्रवाई सुनिश्चित करें ताकि मखाना कृषकों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।
जिला मत्स्य पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि मखाना की खेती करने के लिए उपर्युक्त समय नवंबर-दिसंबर है। जिले के इच्छुक किसान जो मखाना की खेती करना चाहते हैं वे व्हाट्सएप नंबर-9473191585 पर संपर्क कर सकते हैं, अपना आवेदन समर्पित कर सकते हैं।

Comments
Post a Comment