वैशाली में बराटी थाना पुलिस ने 60 लीटर अवैध देसी चुलाई शराब के साथ बाइक जब्त
संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
स्थान : बराटी, जिला वैशाली (बिहार)
बिहार में लागू शराबबंदी कानून के बीच बराटी थाना पुलिस द्वारा 60 लीटर अवैध देसी चुलाई शराब बरामद की गई है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है, जबकि शराब तस्कर पुलिस को देखते ही वाहन छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई गश्ती के दौरान की गई। इस मामले में अज्ञात चालक और बाइक मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गश्ती के दौरान पुलिस ने पकड़ी अवैध शराब
मिली जानकारी के अनुसार बराटी थाना क्षेत्र के सपहा मठ के पास पुलिस अवर निरीक्षक राजीव राज गश्ती कर रहे थे। उसी दौरान दक्षिण दिशा से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर बोरा लादकर आते हुए दिखाई दिया।
पुलिस वाहन को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति घबरा गया और मोटरसाइकिल को सड़क पर छोड़कर भागने लगा। पुलिस और सुरक्षा बलों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह मौके से फरार होने में सफल रहा।
बाइक से बरामद हुई 60 लीटर देसी चुलाई शराब
पुलिस ने मौके पर छोड़ी गई पैशन प्रो मोटरसाइकिल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक पर लदे गुलाबी रंग के प्लास्टिक बोरे के अंदर उजाला पॉलिथीन में 10-10 लीटर के कुल 6 पैकेट देसी चुलाई शराब बरामद किए गए।
बरामद शराब की कुल मात्रा 60 लीटर बताई जा रही है। इसके बाद पुलिस ने विधिवत जप्ती सूची तैयार कर शराब और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया और थाना ले आई।
शराबबंदी कानून के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
गौरतलब है कि बिहार राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू है, इसलिए शराब का निर्माण, खरीद-फरोख्त और परिवहन करना कानूनन अपराध है।
इस मामले में पुलिस ने अज्ञात चालक और मोटरसाइकिल मालिक के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
3 मार्च को हुई घटना
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह घटना 3 मार्च, मंगलवार की है। बरामदगी के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।
Comments
Post a Comment